Sunday 30 April 2023

लुधियाना में गैस लीक... 11 की मौत, कई बीमार: मरने वालों में 2 बच्चे, 5 महिलाएं, ४ पुरुष, रिहायशी इमारत में बने मिल्क बूथ में हुआ हादसा | BCR NEWS

 अजय शास्त्री 

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: लुधियाना के ग्यासपुरा स्थित मिल्क बूथ में रविवार सुबह सवा सात बजे गैस का रिसाव हुआ। यह बूथ रिहाइशी इलाके में मौजूद है। 

पंजाब के लुधियाना में रविवार सुबह गैस लीकेज से 11 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 5 महिलाओं और 4 पुरुषों समेत 2 बच्चे शामिल हैं। बच्चों की उम्र 10 और 13 साल है। हादसा शहर के ग्यासपुरा इंडस्ट्रियल एरिया के नजदीक एक इमारत में बने मिल्क बूथ में सुबह 7:15 बजे हुआ। लुधियाना की एसडीएम स्वाति ने बताया कि गैस रिसाव के बाद 12 लोग बेहोश भी हो गए।


घटना के बाद मेडिकल, फायर ब्रिगेड, पुलिस और NDRF की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। बीमार हुए लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया है। यहां की विधायक राजिंदरपाल कौर ने कहा कि इमारत में मिल्क बूथ खुला हुआ था और जो भी सुबह यहां दूध लेने गया वह बेहोश हो गया। प्रशासन ने इमारत के आसपास एक किलोमीटर के इलाके को सील कर दिया है।


लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में बने इसी मिल्क बूथ के पास गैस रिसाव से लोगों का मौत हुई।

इमारत के आसपास घर-ढाबों में भी लोग बेहोश हुए

रिहायशी इलाके में बनी इस बिल्डिंग के 300 मीटर के दायरे कई लोग बेहोशी की हालत में मिले हैं। आसपास के घरों और ढाबों के लोग भी बेहोश हुए हैं। प्रशासन ने ड्रोन की मदद से आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया। लुधियाना के पुलिस कमिश्नर मनदीप सिद्धू ने बताया कि घटना वाली इमारत से सभी लोगों को निकाला जा चुका है।

हादसे के बाद मेडिकल वर्कर्स और स्थानीय लोगों ने शवों और बीमारों को अस्पताल पहुंचाया।

एक ही परिवार के पांच लोग सोते हुए मारे गए

इलाके में रहने वाले कपिल कुमार नाम के व्यक्ति ने बताया कि उनके परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई है। कपिल ने बताया कि जब गैस लीक हुई, उस समय परिवार के लोग सो रहे थे। उसी दौरान गैस के असर से उनकी मौत हो गई।

मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी मुंह पर रुमाल बांधकर बीमार पड़े लोगों को एंबुलेंस तक ले गए।

कौन सी गैस रिसी इसकी जानकारी नहीं, मशीनें मंगवाईं

अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि इलाके में किस गैस का रिसाव हुआ और इसकी वजह क्या है। हालांकि, शुरूआती जांच में गैस की बदबू सीवरेज गैस जैसी पाई गई है। अब गैस की जांच के लिए मशीनें मंगवाई गई हैं।

पुलिस कमिश्नर मनदीप सिद्धू ने बताया कि सीवर में तेजाब की वजह से ऐसा हो सकता है या अंदर किसी कैमिकल की मौजूदगी इस गैस की वजह हो सकती है। हालांकि जांच के बाद ही औपचारिक तौर पर कुछ कहा जा सकता है।

रेस्क्यू टीम मास्क लगाकर उस इमारत के नजदीक पहुंची, जहां गैस रिसाव की खबर आई थी।


जहां गैस रिसी, मास्क लगाकर उस इमारत तक पहुंची NDRF

प्रशासनिक अफसरों के मुताबिक लुधियाना के ग्यासपुरा में सुआ रोड पर जिस इमारत से गैस रिसने की बात कही जा रही है, उसका नाम गोयल कोल्ड ड्रिंक्स है। इस इमारत के ऊपरी हिस्से में लोग रहते थे। वहां भी लोगों के बेहोश होने की आशंका है। NDRF की टीम मास्क पहनकर इमारत तक जाने की कोशिश कर रही है।

NDRF की टीम ने बताया कि लीक हुई गैस की जांच के लिए मशीनें मंगाई गई हैं।

हादसे में मारे गए लोगों के परिजन लुधियाना सिविल हॉस्पिटल की मॉर्चुरी के बाहर जमा हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल के पास करीब एक किलोमीटर के इलाके को सील कर दिया गया है।

गैस लीकेज से प्रभावित इलाके में लोगों की आवाजाही रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है।

CM मान बोले- लोगों को हर संभव मदद पहुंचाई जा रही

पंजाब सीएम भगवंत मान ने कहा- लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में गैस लीक की घटना बेहद दुखदायी है। पुलिस, प्रशासन और NDRF की टीमें मौके पर मौजूद हैं। हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है। इस बारे में जल्दी ही पूरी जानकारी दी जाएगी।