Wednesday, October 15, 2025

अभिनेता पंकज धीर का बुधवार सुबह निधन हो गया था। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। BCR NEWS

अजय शास्त्री (प्रकाशक व संपादक)
बीसीआर न्यूज़/ मुंबई: अभिनेता पंकज धीर (68) को उनके बेटे निकितिन ने बुधवार शाम पवन हंस क्रीमैटोरियम में मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के वक्त सलमान खान इमोशनल नजर आए। पंकज धीर का बुधवार सुबह निधन हो गया था। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उन्होंने बी.आर. चोपड़ा के पॉपुलर टीवी शो महाभारत में दानवीर कर्ण का किरदार निभाया था। कर्ण और चंद्रकांता के शिवदत्त से मिला फेम पंकज धीर ने कई हिंदी फिल्मों और टीवी सीरियलों में काम किया। उन्होंने महाभारत में कर्ण के अलावा चंद्रकांता में शिवदत्त का किरदार निभाया था। इन दोनों किरदारों से ही उन्हें फेम मिला था। इसके अलावा उन्होंने दूरदर्शन पर युग और द ग्रेट मराठा जैसे सीरियल भी किए। एंड टीवी के बढ़ो बहू जैसे शो में भी वह दिखे। इसके अलावा आशिक आवारा, सड़क, सोल्जर और बादशाह जैसी कई फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं। पंकज धीर के पिता सी.एल. धीर एक डायरेक्टर और प्रोड्यूसर थे। सीएल धीर ने 60 और 70 के दशक में कई फिल्मों में काम किया। वहीं, पंकज के बेटे निकितिन धीर भी एक्टर हैं। उन्होंने सलमान के साथ दबंग 2, रेडी जैसी कई फिल्मों में काम किया है। निकितिन की शादी एक्ट्रेस कृतिका सेंगर से हुई है। वहीं, नार्थ इंडियन फिल्म एंड टेलीविज़न डेवलपमेंट एसोसिएशन ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय शास्त्री ने कहा कि पंकज धीर बहुत प्यारे इंसान थे। उनका जाना फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक गहरा झटका है। मूंछों के लिए छोड़ा था 'अर्जुन' का रोल पंकज धीर को महाभारत में कर्ण का रोल निभाने से की पहचान मिली थी। हालांकि, शुरुआत में शो में उन्हें अर्जुन का रोल ऑफर हुआ था। उन्होंने इस किरदार के लिए ऑडिशन भी दिया था। पंकज इसके लिए तैयार थे, लेकिन कुछ सीन में महिला के गेटअप और मूंछें मुंडवाने की शर्त पर उन्होंने मना कर दिया। उनके मना करने के बाद अर्जुन का रोल फिरोज खान को दिया गया। हालांकि, फिर कुछ महीनों बाद मेकर्स ने उनसे कर्ण का रोल निभाने के लिए संपर्क किया। पंकज ने पहला सवाल किया , “मुझे मूंछें तो नहीं मुंडवानी पड़ेगी?” बी.आर. चोपड़ा ने कहा, “नहीं।” इसके बाद पंकज ने रोल के लिए सहमति दे दी थी। महाभारत की शूटिंग करते हुए आंख में लगा तीर एक इंटरव्यू में पंकज धीर ने बताया था कि टीवी शो महाभारत की शूटिंग करते हुए उनकी आंख में तीर लग गया था। इसके बाद उनकी आंखों की सर्जरी हुई थी। उन्होंने कहा था कि युद्ध के सीन रियल दिखाने के लिए बी.आर. चोपड़ा ने असली भारी-भरकम हथियारों का इस्तेमाल किया था, जिससे कई एक्टर्स को सेट पर काफी चोटें आई थीं। 45 सालों से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का हिस्सा थे पंकज धीर पंकज धीर ने साल 1970 में फिल्म परवाना से बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था। इसके बाद वो फिल्मों में छोटे-मोटे रोल करने लगे। साल 1988 में बी.आर.चोपड़ा के टीवी शो महाभारत से उन्हें देशभर में पहचान मिली और उन्हें फिल्मों में कैरेक्टर रोल दिए जाने लगे। बीसीआर न्यूज़ (वेब न्यूज़ चैनल) व बॉलीवुड सिने रिपोर्टर (फिल्म ट्रेड समाचार पत्र) उनके निधन पर दुःख जताते हुए ईश्वर से प्रार्थना करता है कि उनकी आत्मा को शांति दें और उनके परिवार को इस दुःख की घडी से उभरने की शक्ति प्रदान करे।